रायपुर। युवा शक्ति को स्वस्थ, जागरूक एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से क्रीड़ा भारती रायपुर द्वारा विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत साइकिल रैली का आयोजन किया गया।

क्रीड़ा भारती के प्रांत मंत्री सुमित उपाध्याय ने बताया कि आज के आधुनिक जीवन में बढ़ती शारीरिक निष्क्रियता, प्रदूषण और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के बीच साइकिल चलाना एक सरल, सुलभ और प्रभावी उपाय है। नियमित साइकिलिंग न केवल शरीर को स्वस्थ और सक्रिय रखती है, बल्कि हृदय रोग, मधुमेह और मोटापे जैसी समस्याओं को भी नियंत्रित करने में सहायक होती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के “फिट इंडिया मूवमेंट” का मूल उद्देश्य स्वस्थ भारत का निर्माण है। साइकिलिंग इस अभियान का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जो फिटनेस के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देती है। साइकिल का अधिक उपयोग ईंधन की खपत को कम करता है, कार्बन उत्सर्जन घटाता है और स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में योगदान देता है।

क्रीड़ा भारती के प्रांत अध्यक्ष संजय शर्मा अंतर्राष्ट्रीय निर्णायक बॉडी बिल्डिंग, अंतर्राष्ट्रीय महिला हॉकी सुश्री नीता डुमरे, अजय सारंग, वीरेंद्र देशमुख,अन्नू कांवर, विशाल हियाल, भारत साहू, भूपेश पुष्पकार और गीता उपस्थित रहे। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर आयोजित इस रैली में खिलाड़ी, युवा, विद्यार्थी, सामाजिक संगठन तथा नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

