हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई ने एक नया वीडियो जारी कर अपने रुख में नरमी के संकेत दिए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने की अपील की है।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीति में पिछले कुछ दिनों से चल रही अटकलों के बीच Kuldeep Bishnoi फिलहाल भाजपा नहीं छोड़ेंगे। पार्टी द्वारा जारी एक वीडियो में कुलदीप बिश्नोई खुद को भाजपा के प्रति समर्पित बताते नजर आए और समर्थकों से एकजुट रहने की अपील की।

वीडियो में कुलदीप बिश्नोई ने मुश्किल समय में साथ देने वाले समर्थकों का धन्यवाद किया। साथ ही कार्यकर्ताओं द्वारा दर्ज FIR वापस लेने की अपील करते हुए पार्टी को मजबूत करने का संदेश दिया। इससे पहले वे पार्टी के भीतर चल रहे विवाद को लेकर काफी नाराज दिखाई दे रहे थे।

दरअसल, भाजपा सांसद Rekha Sharma द्वारा चौधरी भजनलाल पर कथित अमर्यादित टिप्पणी के बाद कुलदीप बिश्नोई खुलकर नाराज हो गए थे। वे रेखा शर्मा से सार्वजनिक माफी की मांग पर अड़े हुए थे और खुद को “बब्बर शेर” बताते हुए बड़ा फैसला लेने तक की चेतावनी दे चुके थे।

हालांकि अब अचानक उनके तेवर नरम पड़ते दिख रहे हैं। फिलहाल कुलदीप बिश्नोई की तरफ से भाजपा छोड़ने या पूरे विवाद पर कोई नया आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।