कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: हरियाणा की सियासत से इस वक्त की एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. कुलदीप शर्मा ने हरियाणा कांग्रेस के इन-चार्ज संजय दत्त को एक बेहद तल्ख चिट्ठी लिखी है, जिसने राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया है. इस पत्र में उन्होंने रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा को मुख्यमंत्री का चेहरा (CM Face) प्रोजेक्ट किए जाने का कड़ा विरोध किया है.
सचिन पायलट के बयान का दिया हवाला
अपने आधिकारिक लेटरहेड पर लिखे इस पत्र में कुलदीप शर्मा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता सचिन पायलट के हालिया बयान का समर्थन किया है. पायलट ने सुझाव दिया था कि कांग्रेस पार्टी को किसी एक चेहरे के बजाय राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘सामूहिक नेतृत्व’ (Collective Leadership) के तहत चुनाव मैदान में उतरना चाहिए. कुलदीप शर्मा ने इसे सराहनीय बताते हुए कहा कि चुनावों को किसी व्यक्ति विशेष या परिवार के चेहरे के बजाय पार्टी की मूल विचारधारा पर लड़ा जाना चाहिए.
“एक चेहरे के चक्कर में पार्टी को बार-बार हुआ नुकसान”
पूर्व स्पीकर ने हुड्डा परिवार पर सीधा निशाना साधते हुए लिखा कि हरियाणा में पार्टी को बार-बार चुनावी मैदान में सिर्फ इसलिए हार का सामना करना पड़ा है क्योंकि यहाँ हमेशा किसी एक व्यक्ति (भूपेंद्र सिंह हुड्डा) को आगे रखा गया और अब उनके बेटे (दीपेंद्र सिंह हुड्डा) को मुख्यमंत्री के तौर पर पेश किया जा रहा है. उन्होंने आगाह किया कि चुनाव से काफी पहले खुद को भावी मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट करने का यह उत्साह कांग्रेस के लिए बेहद नुकसानदेह साबित हो रहा है.
दीपेंद्र हुड्डा की ‘ब्रांड बिल्डिंग’ पर खड़े किए सवाल
कुलदीप शर्मा ने पत्र में खुलकर लिखा है कि सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा खुद को वर्ष 2029 के लिए मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में पेश करने की कोशिशें पार्टी के दायरे को सीमित कर रही हैं. उन्होंने इसे एक ‘कल्पनाहीन ब्रांड बिल्डिंग’ करार दिया, जिससे पार्टी को जमीनी स्तर पर व्यापक जनसमर्थन जुटाने में बड़ी रुकावट आ रही है. शर्मा के अनुसार, इस तरह की आत्म-केंद्रित राजनीति से पार्टी के मूल सामाजिक और आर्थिक संदेश जनता तक सही ढंग से नहीं पहुंच पा रहे हैं.

हाईकमान से दखल देने की मांग
पत्र के अंत में पूर्व स्पीकर ने प्रदेश प्रभारी संजय दत्त से गुहार लगाते हुए कहा है कि वह पार्टी को नुकसान पहुंचाने वाली ऐसी गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाएं. उन्होंने मांग की कि हरियाणा में ‘सामूहिक नेतृत्व’ के विचार को जमीन पर लागू किया जाए और भविष्य में मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह फैसला पूरी तरह से कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व (पार्टी हाईकमान) पर छोड़ दिया जाना चाहिए.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

