कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा ने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा को राजनीतिक एकजुटता को लेकर बड़ी नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सत्ता में वापसी के लिए पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर चलना होगा। उन्होंने कहा कि आज हुड्डा साहब हाथ जोड़कर रणदीप सुरजेवाला, कुमारी सैलजा और बीरेंद्र सिंह से साथ मांग रहे हैं, अगर यही काम पहले किया होता तो आज हरियाणा में कांग्रेस की सरकार होती।

कांग्रेस के पास मजबूत जनाधार और प्रभावशाली नेताओं की कमी नहीं

कुलदीप शर्मा ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस बात को अच्छी तरह जानते हैं कि हरियाणा में कांग्रेस तभी सत्ता में आ सकती है, जब पार्टी के सभी बड़े नेता एकजुट होकर चुनाव लड़ें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास मजबूत जनाधार और प्रभावशाली नेताओं की कमी नहीं है, लेकिन पार्टी को सत्ता में लाने के लिए आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर सभी नेताओं को एक मंच पर आना होगा।

कांग्रेस को मजबूत करने का

उन्होंने राजनीतिक संदेश देते हुए कहा कि अब समय एक-दूसरे को कमजोर करने का नहीं, बल्कि कांग्रेस को मजबूत करने का है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की एकजुटता ही कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा कर सकती है और भाजपा को सत्ता से बाहर करने का रास्ता तैयार कर सकती है।

आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज

कुलदीप शर्मा का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब हरियाणा कांग्रेस में वरिष्ठ नेताओं के बीच एकजुटता और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज हैं। उनके बयान को भूपेंद्र सिंह हुड्डा के लिए एक राजनीतिक सलाह के साथ-साथ कांग्रेस के भीतर सभी धड़ों को साथ लाने की अपील के तौर पर देखा जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m