कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। रेवाड़ी में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने कुंड चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर योगेश कुमार और एक एएसआई को 7 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार नांधा गांव निवासी श्रवण कुमार की मोटरसाइकिल एक केस के तहत पुलिस ने इंपाउंड कर ली थी। बाद में अदालत ने बाइक की सुपुर्दगी के आदेश जारी कर दिए, लेकिन आरोप है कि वाहन छोड़ने के बदले चौकी इंचार्ज और एएसआई ने 7000 रुपए की रिश्वत मांगी। खास बात यह रही कि शिकायतकर्ता के पास रिश्वत मांगने की फोन रिकॉर्डिंग भी मौजूद थी, जिसे सबूत के तौर पर ACB को सौंपा गया।
शिकायत मिलने के बाद ACB टीम ने पूरा प्लान तैयार किया। बृहस्पतिवार शाम करीब 7 बजे श्रवण कुमार रिश्वत की रकम लेकर चौकी पहुंचा। जैसे ही एएसआई ने पैसे लिए, पहले से घात लगाए बैठी ACB टीम ने तुरंत छापा मारकर दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
ACB अधिकारियों के मुताबिक दोनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा और मामले की गहन जांच जारी है। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं आम जनता में इस कदम से साफ संदेश गया है कि रिश्वतखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है।

