Kundli Border Traffic Jam : सोनीपत। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए वाहनों की जांच सख्त कर दी गई है। इसका असर हरियाणा से दिल्ली जाने वाले रास्तों पर भी दिखाई देने लगा है। सोनीपत के कुंडली बॉर्डर पर लगातार दूसरे दिन वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। पुलिस की जांच के कारण वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। सोमवार को नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 400 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 25 वाहनों को जब्त कर लिया गया।

दिल्ली जाने वाले वाहनों की 12 जगह हो रही जांच

प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए दिल्ली सीमा पर निगरानी बढ़ाई गई है। इसके तहत दिल्ली जाने वाले प्रमुख रास्तों पर 12 जगह पुलिस के नाके लगाए गए हैं। यहां वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC), ज्यादा धुआं छोड़ने और निर्धारित आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों की जांच की जा रही है।

जांच के दौरान नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहनों को दिल्ली में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। ऐसे वाहनों को वापस लौटाया जा रहा है और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

BS-6 से पुराने वाहनों के प्रवेश पर सख्ती

दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए BS-6 से नीचे के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लागू किया गया है। वहीं इलेक्ट्रिक वाहन, सीएनजी और BS-6 डीजल वाहनों को लागू नियमों के अनुसार प्रवेश दिया जा रहा है।

पुलिस की इस कार्रवाई के चलते कुंडली बॉर्डर पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। जांच के लिए वाहनों को रोकने से सड़क पर लंबी कतारें लग रही हैं और यातायात की रफ्तार धीमी हो गई है।

जाम से बचने के लिए KMP और KGP से निकलने की सलाह

दिल्ली होकर दूसरे शहरों और राज्यों की ओर जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है। पुलिस भारी और अन्य वाहनों को कुंडली-गाजियाबाद-पलवल एक्सप्रेसवे (KGP) और कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे (KMP) की ओर भेज रही है।

इसके अलावा बागपत के रास्ते लोनी बॉर्डर और बड़वासनी से द्वारका की ओर जाने वाले मार्गों का भी विकल्प दिया गया है। इन रास्तों से वाहन चालक दिल्ली के मुख्य मार्गों पर लगने वाले जाम से बच सकते हैं।

NH-44 पर मरम्मत ने बढ़ाई वाहन चालकों की परेशानी

कुंडली बॉर्डर पर जांच के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर चल रहे मरम्मत कार्य ने भी यातायात की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ड्रेन नंबर आठ के पास पिछले चार दिनों से मरम्मत का काम चल रहा है। इसके चलते एक लेन बंद है।

इस वजह से दिल्ली से पानीपत की ओर जाने वाले वाहनों को भी परेशानी हो रही है। कई जगह वाहन धीमी गति से चलते दिखाई दिए। अधिकारियों के मुताबिक मरम्मत का काम जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद इस मार्ग पर यातायात सामान्य होने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m