कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश में कूनो के चीते की मौत को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। पर्यावरण और वाइल्डलाइफ के क्षेत्र में काम करने वाले अजय दुबे ने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने कूनो नेशनल पार्क के आसपास वाले इलाकों में चीतों के शिकार का मुद्दा भी उठाया है।
अजय दुबे ने 19 माह के चीते की मौत के मामले की तुरंत सीबीआई से जांच कराने की मांग करते हुए शिकारियों के नेटवर्क के शामिल होने की बात कही है। याचिकाकर्ता को गांव वालों के द्वारा गोली चलाने की बात पर भरोसा नहीं है। उन्होंने शिकार की आशंका जाहिर करते हुए कहा, ‘गांव वाले अपनी आत्मरक्षा के लिए मारते तो करंट या जहर का इस्तेमाल करते। चीते की मौत की सीबीआई जांच नहीं हुई तो ग्रामीण पर पूरा मामला थोपा जाएगा।’
उमंग सिंघार ने खड़े किए गंभीर सवाल
शब्बीर अहमद, भोपाल। वहीं चीते की मौत की घटना ने सियासी रंग ले लिया है। चीतों की सुरक्षा पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार को घेरते हुए नर चीता शावक को 19 छर्रे लगने की घटना पर सवाल उठाए। उन्होंने केंद्र और मध्यप्रदेश से संयुक्त अभियान चलाने की मांग की है। साथ ही चीतों और बाघों की सुरक्षा को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर निशाना भी साधा और सरकार से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग कर जंगलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

