नवोदित, कुरुक्षेत्र | कुरुक्षेत्र के ढांड रोड पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खानपुर रोड़ान गांव के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार युवक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक में भीषण आग लग गई और वह देखते ही देखते जलकर राख हो गई। हादसे में घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शादी की खुशियों के बीच छाया मातम
मृतक की पहचान 30 वर्षीय फिरोज खान के रूप में हुई है, जो करनाल के घरौंडा स्थित बजाज कॉलोनी का निवासी था। फिरोज पेशे से प्रॉपर्टी वैल्यूएशन का काम करता था। परिजनों ने बताया कि फिरोज अपनी बुआ की बेटी की शादी में ‘भात’ भरने के लिए घरौंडा से बारना गांव आ रहा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर से शादी की खुशियां मनाने निकला फिरोज कभी वापस नहीं लौटेगा।

ओवरटेक के चक्कर में पिकअप ने ली जान
चश्मदीदों और परिजनों के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे जब फिरोज खानपुर रोड़ान बस अड्डे के पास पहुंचा, तो सामने से आ रही एक पिकअप (नंबर: HR65A 0321) ने दूसरे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान पिकअप ने फिरोज की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही फिरोज सड़क पर दूर जा गिरा, जबकि बाइक में शॉर्ट सर्किट या फ्यूल लीक होने के कारण आग लग गई।

परिवार का सहारा छिना
फिरोज अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। उसकी मौत की खबर सुनते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। फिरोज की 3 साल की बेटी नायरा और महज 1 साल का बेटा अयान है, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है।

पुलिस की कार्रवाई और फरार ड्राइवर
हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर अपनी पिकअप गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों की मदद से फिरोज को तुरंत LNJP अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी।