कुरुक्षेत्र : नेशनल हाईवे-44 पर मोहड़ी के पास एक पेट्रोल पंप को निशाना बनाने आए दो बदमाशों का दांव उस समय उल्टा पड़ गया, जब सेल्समैन ने डरने के बजाय भारी हिम्मत दिखा दी। कट्टे की नोंक पर लूट की कोशिश कर रहे बदमाश सेल्समैन के तेवर देखकर ऐसे घबराए कि बाइक लेकर भागने लगे। लेकिन किस्मत ने भी बदमाशों का साथ नहीं दिया और कुछ ही दूरी पर उनकी बाइक फिसल गई, जिसके बाद एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया।
सिर पर कट्टा ताना, फिर भी भिड़ गया सेल्समैन
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बुधवार रात करीब 1 बजे दो बदमाश बाइक से पेट्रोल पंप पहुंचे। उन्होंने पहले बाइक में पेट्रोल डलवाया। इसके बाद जब सेल्समैन ने पैसे मांगे, तो वे गाली-गलौज करने लगे। बदमाशों ने देसी कट्टा निकाला और सीधे सेल्समैन के सिर पर तानकर जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों को लगा था कि सेल्समैन डर जाएगा, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए उल्टा बदमाशों को ही पकड़ने की कोशिश शुरू कर दी।
भागते ही हुआ एक्सीडेंट, कर्मचारियों ने दबोचा
सेल्समैन को खुद पर हावी होता देख दोनों बदमाश डर गए और बाइक चालू कर भागने लगे। लेकिन हड़बड़ाहट में कुछ ही दूरी पर उनकी बाइक फिसल गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। पेट्रोल पंप के अन्य कर्मचारियों ने तुरंत घेराबंदी की और आरोपी दलीप (निवासी: शिवाला मंडी, अंबाला कैंट) को रंगे हाथों पकड़ लिया, जबकि उसका दूसरा साथी भागने में कामयाब रहा।
2 दिन की पुलिस रिमांड पर आरोपी
पुलिस ने आरोपी दलीप को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 2 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और देसी कट्टा बरामद कर लिया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी को साथ लेकर अंबाला कैंट समेत उसके साथी के अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल सकेगा कि क्या वे पहले भी ऐसी वारदातों में शामिल रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

