हरियाणा के कुरुक्षेत्र में चोरों ने एक रिटायर्ड एएसआई के घर के बाहर खड़ी कार साफ कर दी। इस अनोखी चोरी का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित परिवार के मोबाइल पर गाड़ी का ओवरस्पीड चालान कटने का मैसेज आया।

कुरुक्षेत्र। जिले में कार चोरी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां रिटायर्ड एएसआई (ASI) की कार चोरी होने का पता किसी पड़ोसी या पुलिस को नहीं, बल्कि ओवरस्पीड चालान के मैसेज से चला। सुबह-सुबह मोबाइल पर आए एक मैसेज ने परिवार के होश उड़ा दिए।

मामला रिटायर्ड एएसआई कृष्ण कुमार के घर का है। बताया जा रहा है कि उनके बेटे अनुज के मोबाइल पर अचानक कार का ओवरस्पीड चालान कटने का मैसेज आया। सुबह के समय आए इस मैसेज को देखकर परिवार पहले तो हैरान रह गया, क्योंकि कार घर के बाहर खड़ी थी। लेकिन जब अनुज तुरंत बाहर पहुंचे, तो वहां सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार गायब मिली।

इसके बाद परिवार ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। पड़ोसियों के कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि देर रात करीब 2:30 बजे चोर कार लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोर गाड़ी को तेज रफ्तार में लेकर गए, जिसके चलते रास्ते में ओवरस्पीड का चालान कट गया और उसी मैसेज से चोरी का खुलासा हो गया।

घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और कार बरामद करने में जुटी हुई है। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है कि जिस चालान से लोग परेशान होते हैं, उसी ने इस बार चोरी की वारदात का राज खोल दिया।