कुरुक्षेत्र । शाहाबाद में 17 वर्षीय छात्र अनुराग की मौत से परिवार सदमे में है। अनुराग 12वीं कक्षा में पढ़ता था। गुरुवार को ढोला माजरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला। वह वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ गया था। हालांकि, वह रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
अनुराग मदनपुरा का रहने वाला था। वह शाहाबाद के एक निजी स्कूल में पढ़ता था। परिजनों के मुताबिक, वह बुधवार सुबह स्कूल गया था। इसके बाद घर नहीं लौटा। परिवार ने उसकी तलाश भी की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
स्कूल की यूनिफॉर्म से हुई पहचान
गुरुवार दोपहर रेलवे ट्रैक पर किशोर का शव मिलने की सूचना मिली। ट्रेन की चपेट में आने से शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था। इस कारण मौके पर उसकी पहचान नहीं हो सकी।
जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) ने शव को कब्जे में लेकर LNJP अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया। घटनास्थल के पास स्कूल की सफेद कमीज और नीली पैंट मिली थी। शुक्रवार सुबह परिजन अस्पताल पहुंचे। उन्होंने स्कूल यूनिफॉर्म के आधार पर शव की पहचान अनुराग के रूप में की।
दो बहनों का इकलौता भाई था अनुराग
अनुराग अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटे के घर लौटने का इंतजार था, उसकी मौत की खबर ने परिवार को तोड़कर रख दिया।
घटनास्थल के पास मिलीं दो चाबियां
जीआरपी को गुरुवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच स्टेशन मास्टर से रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम किलोमीटर संख्या 176/11-13 के पास पहुंची। वहां शव ट्रैक के बीच पड़ा था।
मौके से स्कूल यूनिफॉर्म के अलावा दो चाबियां भी मिली थीं। पुलिस ने इन चाबियों के आधार पर आसपास स्कूटी की तलाश की। रेलवे ट्रैक और आसपास करीब पांच किलोमीटर के दायरे में जांच की गई। हालांकि, स्कूटी का पता नहीं चला।
पोस्टमॉर्टम के बाद जांच जारी
जीआरपी ने शव का पोस्टमॉर्टम दो डॉक्टरों के पैनल से करवाया। पुलिस ने मामले में इत्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज की है।
अब जांच में यह पता लगाना अहम होगा कि अनुराग रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत की परिस्थितियों को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

