कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में रविवार को रेलवे ट्रैक पर बड़ा हादसा हो गया। शाहाबाद के मारकंडा मंदिर के पास मारकंडा नदी पर बने रेलवे पुल पर नागपुर-अमृतसर एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेन से कटने के बाद दोनों के शव पुल से नीचे मारकंडा नदी में जा गिरे। सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

हादसे के बाद इलाके में मची सनसनी

घटना के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। मौके की परिस्थितियों को देखते हुए सुसाइड की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। GRP पूरे मामले की जांच कर रही है।

पहचान नहीं हो सकी

GRP के अनुसार, मृत युवक और युवती की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। युवक की उम्र करीब 30 वर्ष और युवती की उम्र लगभग 28 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस को दोनों के पास से कोई दस्तावेज नहीं मिले, जिससे उनकी पहचान की जा सके।

शाम को नदी किनारे कर रहे थे बहस

GRP के मुताबिक, रविवार शाम करीब 4 बजे युवक और युवती मारकंडा नदी के पास आपस में बहस कर रहे थे। कुछ देर बाद दोनों बहस करते हुए नदी पर बने रेलवे पुल पर पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, पुल पर भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ।

ट्रेन के आगे कूदने की बात सामने आई

GRP का कहना है कि पुल पर झगड़े के दौरान दोनों नागपुर-अमृतसर एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूद गए। ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई और शव नीचे नदी में गिर गए। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m