कोटकपूरा में बोले मुख्यमंत्री- हरियाणा का नशामुक्ति मॉडल सफल, पंजाब में भाजपा सरकार बनी तो किसानों-युवाओं के लिए लागू होंगी कल्याणकारी योजनाएं
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। Nayab Singh Saini Kotkapura Rally : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ नशे पर प्रभावी लगाम लगाई है, जबकि पंजाब में नशे की समस्या लगातार बढ़ी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा और पंजाब ही नहीं, बल्कि पूरे देश के युवाओं को नशे की लत से दूर रखना विकसित भारत के निर्माण के लिए बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री पंजाब के कोटकपूरा में आयोजित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के राष्ट्रव्यापी शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से 100 सप्ताह के इस अभियान की शुरुआत की और देशभर के 28 हजार स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल एक करोड़ से अधिक युवाओं को संबोधित किया।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार राहगिरी, साइक्लोथॉन और मैराथन जैसे अभियानों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने में लगातार सफलता हासिल कर रही है। वहीं उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार न तो नशे पर प्रभावी रोक लगा सकी और न ही युवाओं को पर्याप्त रोजगार उपलब्ध करा पाई, जिसके कारण बड़ी संख्या में युवा नशे की दलदल में फंसते जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की वर्तमान आम आदमी पार्टी सरकार और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने युवाओं और किसानों से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा करने में रुचि नहीं दिखाई।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में यदि पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो हरियाणा की तर्ज पर युवाओं और किसानों के लिए कल्याणकारी योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने बताया कि हरियाणा में सरकार 24 फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद कर रही है और फल-सब्जियों के लिए भावांतर भरपाई योजना भी लागू है। इसी तरह की योजनाओं का लाभ पंजाब के किसानों को भी दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज, राज्य और पूरे देश को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि हर युवा को स्वयं नशे से दूर रहना चाहिए और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


