कुरुक्षेत्र: हरियाणा की कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी (KUK) कैंपस में लॉ फैकल्टी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जतिन गहलोन के साथ हुई बदसलूकी और थप्पड़बाजी के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। खाकी ने मुस्तैदी दिखाते हुए देर रात इस वारदात में शामिल चारों आरोपियों को दबोच लिया है। पकड़े गए युवकों की पहचान आर्यन, निशान, रवि और उनके एक अन्य साथी के रूप में हुई है।
इस पूरी वारदात की जड़ एक स्कॉर्पियो और स्कूटी के बीच हुई टक्कर को बताया जा रहा है, जिसका CCTV फुटेज भी सामने आ चुका है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि मामूली सी टक्कर के बाद विवाद इस कदर बढ़ा कि युवकों ने प्रोफेसर पर हाथ उठा दिया।
छात्रों और शिक्षकों के भारी आक्रोश के बाद झुकी पुलिस
शुक्रवार को इस घटना के विरोध में यूनिवर्सिटी के छात्र और प्रोफेसर्स भड़क उठे। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की ढीली कार्रवाई के खिलाफ वीसी (VC) ऑफिस के सामने डेरा डाल दिया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का दबाव ऐसा था कि पुलिस ने रात में ही ताबड़तोड़ छापेमारी कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही रात करीब सवा आठ बजे प्रदर्शनकारियों ने अपना धरना समाप्त किया।
कैंपस में अब ‘नो एंट्री’: सुरक्षा को लेकर सख्त फैसले
इस वारदात के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। कैंपस की सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए कई कड़े कदम उठाए गए हैं:
- काले शीशे वाले वाहनों पर पाबंदी: कैंपस के भीतर अब ऐसी किसी भी गाड़ी को एंट्री नहीं मिलेगी, जिसके शीशे काले (टिन्टेड) होंगे।
- सख्त चेकिंग और बाहरी लोगों पर रोक: यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वारों पर सुरक्षा घेरा मजबूत किया जाएगा ताकि बिना वजह बाहरी लोग अंदर न आ सकें।
- 50 सदस्यों वाली ‘स्पेशल टीम’ एक्टिव: चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर प्रो. आनंद के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था को संभालने के लिए बनी 50 लोगों की विशेष टीम को दोबारा पूरी तरह एक्टिव कर दिया गया है।
- रजिस्ट्रार के कड़े निर्देश: रजिस्ट्रार प्रो. वीरेंद्र पाल सिंह ने सुरक्षा अमले को निर्देश दिए हैं कि कैंपस की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भले ही स्कूटी सवार युवतियों की तरफ से अभी तक टक्कर मारने वालों के खिलाफ कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन प्रोफेसर से मारपीट के मामले में पुलिस और प्रशासन का यह कड़ा रुख आने वाले दिनों में कैंपस के माहौल को सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

