कुरुक्षेत्र. जर्मनी में चाकू से हमले में मारे गए कुरुक्षेत्र के 25 वर्षीय विशु शर्मा का शव 11 दिन बाद सोमवार को महादेव मोहल्ला स्थित उसके घर पहुंचा। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। विशु अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिजन दिवाली पर उसके घर लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन त्योहार से पहले उसका पार्थिव शरीर घर पहुंचा। अंतिम संस्कार में पिता नीरज शर्मा ने बेटे को मुखाग्नि दी।
तीन युवकों ने घेरकर किया था हमला
विशु के पिता नीरज शर्मा के मुताबिक, कुछ युवकों ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। इसी दौरान तीन युवकों ने उसे घेर लिया और चाकू से कई वार किए। गंभीर हालत में विशु को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार सदमे में है।
रूममेट ने फोन कर दी थी मौत की जानकारी
विशु की मौत की सूचना उसके रूममेट गौरव ने फोन कर परिवार को दी थी। कुछ देर बाद गौरव का फोन बंद हो गया। इसके बाद परिवार ने जर्मनी में रहने वाले एक रिश्तेदार को अस्पताल भेजा। रिश्तेदार ने विशु के हाथ और गर्दन पर बने टैटू के आधार पर उसकी पहचान की।
बहन को राखी बांधने का था इंतजार
विशु की बहन नोनी ने बताया कि 10 अगस्त को उसकी भाई से आखिरी बार बात हुई थी। उसने भाई के लिए राखी भेजी थी। विशु ने रक्षाबंधन पर उसे गोल्ड रिंग देने का वादा किया था। उसी दिन वह रिंग का डिजाइन पसंद करने जाने वाला था।
अब बहन का भाई की कलाई पर राखी बांधने का इंतजार हमेशा के लिए अधूरा रह गया।
प्लॉट बेचकर बेटे को विदेश भेजा था
विशु के पिता नीरज शर्मा शहर की एक ज्वेलरी शॉप पर काम करते हैं। उन्होंने बताया कि नवंबर 2022 में करीब 20 लाख रुपये का प्लॉट बेचकर बेटे को विदेश भेजा था।
विशु पहले पुर्तगाल गया। इसके बाद वह फ्रांस पहुंचा और करीब एक साल तक फ्रांस आर्मी में सेवाएं दीं। पिछले साल की शुरुआत में वह जर्मनी चला गया था। वहां वह डिलीवरी बॉय के रूप में काम कर रहा था और उसने अपनी एक टीम भी बना रखी थी। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं।
11 दिन तक शव का इंतजार करता रहा परिवार
विशु की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार ने उसके शव को भारत लाने के लिए सरकार से मदद की गुहार लगाई थी। परिजन करीब 11 दिन तक उसके पार्थिव शरीर के भारत आने का इंतजार करते रहे।
परिवार को उम्मीद थी कि विशु दिवाली पर घर लौटेगा। सोमवार को उसका शव घर पहुंचा। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम छा गया। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल गमगीन रहा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


