कुरुक्षेत्र के इस्हाक गांव निवासी रविंदर सिंह ने अमेरिका के कैलिफोर्निया में हथियारबंद लुटेरे का डटकर मुकाबला किया। उन्होंने सूझबूझ से बदमाश को स्टोर के अंदर ही लॉक कर दिया, जिसे बाद में अमेरिकी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
कुरुक्षेत्र। अमेरिका के एक स्टोर में सब कुछ सामान्य चल रहा था। तभी अचानक दरवाजा खुला और अंदर दाखिल हुए एक शख्स ने आते ही गन तान दी। कुछ सेकंड में माहौल बदल गया। सामने खड़े युवक को धमकाते हुए बदमाश सीधे कैश काउंटर की तरफ ले गया। आमतौर पर ऐसे हालात में लोग डर जाते हैं, लेकिन इस बार कहानी अलग थी।
गन के साए में खड़ा युवक शांत जरूर था, मगर उसके दिमाग में कुछ और चल रहा था। बदमाश कैश समेटने में लगा था और उसे जरा भी अंदाजा नहीं था कि अगले कुछ सेकंड में पूरी बाजी पलटने वाली है। अचानक युवक ने ऐसा कदम उठाया कि हथियार लेकर आया लुटेरा खुद फंस गया।
दरअसल United States के कैलिफोर्निया डाउनटाउन में हरियाणा के Kurukshetra जिले के इस्हाक गांव निवासी रविंदर सिंह ने बहादुरी दिखाते हुए गन पॉइंट पर लूटने आए बदमाश का डटकर सामना किया। जानकारी के अनुसार रविंदर अपने स्टोर पर अकेला था, तभी हथियारबंद बदमाश अंदर घुस आया और आते ही उस पर गन तान दी। बदमाश उसे डराते हुए कैश काउंटर तक ले गया और पैसे निकालने लगा।
रविंदर सिंह के मुताबिक, मौका मिलते ही उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश पर हमला कर दिया। पहले थप्पड़ मारा, फिर मुक्कों से वार किए, जिससे बदमाश घबरा गया और नीचे गिर पड़ा। इसके बाद रविंदर तुरंत बाहर निकले और स्टोर को बाहर से लॉक कर दिया। फिर बिना देरी किए पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में अमेरिकी पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी कार में सवार होकर आया था और सीधे ग्राहक बनकर स्टोर में दाखिल हुआ था। रविंदर ने इस पूरी घटना का वीडियो भी साझा किया है, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। हरियाणा के इस युवक की बहादुरी की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर उसे “रियल हीरो” बताया जा रहा है।

