गुजरात के कच्छ जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शनिवार दोपहर नखत्राणा इलाके में स्थित एक कबाड़ गोदाम (स्क्रैप यार्ड) में अचानक एक छोटे वाणिज्यिक वाहन (कमर्शियल व्हीकल) का डीजल टैंक फट गया। धमाका इतना भीषण था कि एक ही परिवार के दो बच्चों समेत चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, यह घटना उस वक्त हुई जब वाहन से कबाड़ उतारने का काम चल रहा था। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
अनलोडिंग के दौरान हुआ जोरदार धमाका
नखत्राणा के पुलिस निरीक्षक एएम पटेल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन के डीजल टैंक में विस्फोट के कारण चार लोगों की जान गई है। मृतकों की पहचान मोहम्मद इलियास, नूर मोहम्मद इलियास, हुसैन मोहम्मद और नूर फातिमा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय मोहम्मद इलियास और नूर मोहम्मद इलियास वाहन से कबाड़ खाली कर रहे थे। उसी दौरान वाहन का फ्यूल टैंक अचानक धमाके के साथ फट गया। धमाके की तीव्रता इतनी तेज थी कि पास में ही मौजूद दो मासूम बच्चे, हुसैन मोहम्मद और नूर फातिमा भी इसकी चपेट में आ गए और चारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। कबाड़ गोदाम में हुए इस भीषण हादसे के पीछे की वास्तविक वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही, इस बात का पता लगाने के लिए फोरेंसिक और तकनीकी जांच की जा रही है कि वेल्डिंग, गैस रिसाव, अत्यधिक गर्मी या किसी अन्य लापरवाही की वजह से यह विस्फोट हुआ।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

