Bihar Crime: राजधानी पटना के बिहटा थाने से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां कटेश्वर गांव में एक मजदूर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान शिव साव के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया। घटनस्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

जांच के लिए पहुंची FSL की टीम

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बिहटा पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से कुछ जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जो इस बात की ओर इशारा करता है कि पिटाई के कारण उसकी मौत हुई है।

थानाध्यक्ष ने जल्द खुलासे की कही बात

घटना के संबंध में बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। घटना के पीछे की वजहों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस के पास कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर अपराधियों को जेल भेजा जाएगा।

कटेश्वर गांव में भय और आक्रोश का माहौल

मजदूर शिव साव की पीट-पीटकर हत्या के बाद कटेश्वर गांव के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना होने से उन्हें असुरक्षा महसूस हो रहा है। हालांकि पुलिस ने मौके को देखते हुए गांव में पुलिस की गश्त बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच पड़ताल में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: परीक्षा देने आए छात्र की चाकू मारकर हत्या, गांव का युवक ही निकला हत्यारा