नयागढ़। ओडिशा में गांजा तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए एक अनोखा और शातिर तरीका निकाला है। यहां प्यार और परिवार का ढोंग रचकर गांजे की तस्करी करने वाले एक हाई-प्रोफाइल ‘लैला-मजनू’ गैंग का आबकारी विभाग ने भंडाफोड़ किया है। कंधमाल से नयागढ़ के रास्ते भुवनेश्वर ले जाए जा रहे भारी मात्रा में गांजे की खेप को आबकारी विभाग की टीम ने फिल्मी अंदाज में पीछा करके पकड़ा है।

आबकारी विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर नयागढ़ के रास्ते कंधमाल से भुवनेश्वर गांजे की एक बड़ी खेप ले जाने की फिराक में हैं। इस सूचना पर मुस्तैद आबकारी टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर जाल बिछाया। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही दो लग्जरी कारों को जब अधिकारियों ने रुकने का इशारा किया, तो तस्करों ने गाड़ियां भगाकर भागने की कोशिश की। इसके बाद आबकारी टीम ने पीछा करते हुए घेराबंदी की और दोनों कारों को धर दबोचा।

लग्जरी कारों की तलाशी लेने पर आबकारी विभाग की टीम के होश उड़ गए। गाड़ियों के अंदर से करीब 70 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। इस मामले में आबकारी विभाग ने दो महिलाओं और दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दोनों कीमती लग्जरी कारों को भी जब्त कर लिया गया है।

इस पूरे रैकेट का सबसे चौंकाने वाला पहलू इस गिरोह के काम करने का तरीका है। जांच में सामने आया है कि इस अंतरराज्यीय गांजा तस्करी रैकेट की मास्टरमाइंड एक बेहद खूबसूरत महिला और उसका पति हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को कोई शक न हो, इसलिए यह महिला अपने पति और अन्य साथियों के साथ लग्जरी कार में एक संभ्रांत परिवार की तरह यात्रा करती थी, ताकि हाईवे पर नाकों पर चेकिंग से बचा जा सके।

हालांकि, तस्करों की यह चालाकी आबकारी विभाग की मुस्तैदी के आगे फेल हो गई। फिलहाल पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम गिरफ्तार आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है, ताकि इस रैकेट के मुख्य खरीदारों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m