लखीमपुर खीरी के निघासन क्षेत्र के चखरा गांव में शनिवार रात एक युवक ने घरेलू विवाद के दौरान अपने माता-पिता पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. घटना में तीनों झुलस गए, जबकि गंभीर रूप से घायल पिता को लखनऊ रेफर किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
लखीमपुर खीरी. जिले के निघासन थाना क्षेत्र के चखरा गांव में शनिवार रात घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने अपने माता-पिता पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. इस घटना में माता-पिता गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि आरोपी युवक के हाथ भी जल गए. तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में पिता को लखनऊ रेफर कर दिया गया. पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है.
घरेलू विवाद के बाद हमला
चखरा निवासी बलराम शाह की पत्नी वैजयंती का शनिवार रात अपनी बहू छाया से किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था. इसी दौरान घर पहुंचे बलराम शाह के बेटे सपालू ने विवाद देखकर अपने माता-पिता को अपशब्द कहने शुरू कर दिए.
बात बढ़ने पर सपालू ने अपनी बाइक से पेट्रोल निकाला और माता-पिता पर डालकर आग लगा दी. आग की चपेट में आने से दोनों झुलस गए, जबकि सपालू के हाथ भी जल गए.
पिता लखनऊ रेफर
घटना के बाद तीनों घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), निघासन ले जाया गया. वहां से उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां बलराम शाह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया. उनकी पत्नी वैजयंती का उपचार जिला अस्पताल में जारी है.
आरोपी बेटा गिरफ्तार
निघासन के सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी सपालू को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. इस प्रकरण में सपालू के खिलाफ पहले ही जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी थी.
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद दर्ज मुकदमे में संबंधित धाराओं में संशोधन किया जाएगा.

