लखीमपुर खीरी के पलिया-दुधवा रोड पर शनिवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार पांच किशोर हादसे का शिकार हो गए. दुर्घटना में दो किशोरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं.
लखीमपुर खीरी. जिले में पलिया-दुधवा रोड पर शनिवार को तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पांच किशोरों को टक्कर मार दी. हादसा पलिया कोतवाली क्षेत्र के फरसईहा चौराहे के पास हुआ, जिसमें दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा. दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों में भी कोहराम मच गया.
सड़क पार करते समय हादसा
पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र परिहार के मुताबिक, पटिहन क्षेत्र के राजाटॉपर गांव निवासी पांच किशोर बाइक से पलिया की ओर जा रहे थे. फरसईहा चौराहे के पास सड़क पार करते समय दिल्ली की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार किशोर सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे में आनंद (13) पुत्र श्रवण और शिवा (16) पुत्र राजू की मौके पर ही मौत हो गई.
तीन किशोर गंभीर घायल
दुर्घटना में रोहित (16) पुत्र पप्पू, अनिकेत (17) पुत्र रामकिशन और अतीश (17) पुत्र गोपाल गंभीर रूप से घायल हुए हैं. मृतक और घायल सभी राजाटॉपर, पटिहन क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं.
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तीनों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया.
कार चालक हिरासत में
घटना की जानकारी मिलते ही पलिया पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार तथा बाइक को कब्जे में ले लिया. कार चालक अनिल को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है.
पुलिस ने दोनों मृत किशोरों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं. राजाटॉपर गांव में दो किशोरों की मौत की खबर पहुंचते ही परिवारों में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र परिहार ने बताया कि हादसे में दो किशोरों की मौत हुई है और तीन घायल हैं. उन्होंने बताया कि चालक को हिरासत में लिया गया है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के अनुसार, हादसा कार चालक की लापरवाही के कारण हुआ है.


