हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामले का एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है.

लक्सर/हरिद्वार: हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामले का चौथा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है.

धर्मस्थल के कार्यक्रम में गई थी किशोरी

पुलिस के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि 2 सितंबर की रात गांव के एक धर्मस्थल पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था. उनकी नाबालिग बेटी भी इस कार्यक्रम में शामिल होने गई थी.

आरोप है कि चार युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ जंगल में ले गए. वहां चारों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया.

जान से मारने की दी धमकी

पीड़िता को घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई. किसी तरह किशोरी घर पहुंची और उसने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी.

इसके बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया. कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है.