रायपुर। राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र के लक्ष्य ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपए की चोरी का पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन जब्त किया गया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है। नाबालिग ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी वंश कुमार मुरपानी ने थाना खम्हारडीह में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह लोधीपारा रोड शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित करता है। 9 मई की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद 11 मई की सुबह जब दुकान खोलने गए तो शटर के दोनों ताले टूटे मिले और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के और बिस्किट गायब थे।

narayana

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने स्वयं घटना स्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद 40 सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 300 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले और 50 से ज्यादा पुराने चोरी एवं नकबजनी के आरोपियों की तस्दीक की। तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने घटना के 10 घंटे के भीतर एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया।

अन्य ज्वेलरी दुकानों में कर चुका है चोरी

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। साथ ही उसने थाना मंदिर हसौद क्षेत्र के हर्ष ज्वेलर्स में चोरी और अभनपुर क्षेत्र के ज्वेलर्स दुकान में चोरी के प्रयास की बात भी कबूल की है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अन्य बड़ी चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। मामले में थाना खम्हारडीह में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें