पूर्व उप प्रधानमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को आज दिल्ली के अपोलो अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है. उन्हें सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद 16 अक्तूबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल के मुताबिक, उनकी सेहत में सुधार होने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया. वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को अस्पताल में भर्ती कराए जाने से करीब एक हफ्ते पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की थी.
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के स्वास्थ्य पर बड़ा अपडेट सामने आया है.
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है. अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी बयान के अनुसार, 98 वर्षीय वरिष्ठ नेता की सेहत में सुधार हुआ है. अस्पताल की ओर से 19 अक्तूबर को जारी बयान के अनुसार, इलाज के दौरान उनकी तबीयत में सुधार हुआ है. न्यूरोलॉजी विभाग के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था.
इससे पहले, इस साल मई में भी उन्हें उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था. तब वे कुछ दिनों तक डॉक्टरों की देखरेख में रहे और फिर उन्हें छुट्टी दे दी गई थी.
8 नवंबर 1927 को कराची में जन्मे आडवाणी भाजपा के सबसे प्रमुख नेताओं में से एक हैं. उन्होंने भाजपा को एक छोटी राजनीतिक ताकत से बड़े राष्ट्रीय राजनीतिक संगठन के रूप में विकसित करने में अहम भूमिका निभाई.
पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी का राजनीतिक करियर काफी लंबा रहा है. वे कई बार बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे और 2002 से 2004 तक देश के उप प्रधानमंत्री के पद पर रहे. आडवाणी को 2024 में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से नवाजा गया.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

