ललितपुर जिले के जाखलौन थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने चार वर्षीय बेटे के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है.

ललितपुर. जिले स्थित जाखलौन थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया. यहां एक 26 वर्षीय महिला ने अपने चार साल के मासूम बेटे के साथ कुएं में छलांग लगा दी. पानी में डूबने की वजह से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकाला.

पुलिस ने शुरू की जांच

मृतका के पति पुरुषोत्तम (पुत्र हरचरन) ने जाखलौन थाने में इस घटना की सूचना दर्ज कराई. उसने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी पूजा (26) ने अज्ञात कारणों से अपने चार साल के बेटे के साथ कुएं में छलांग लगा दी, जिससे दोनों की जान चली गई. सूचना पाकर पहुंची पुलिस टीम ने कागजी प्रक्रिया (पंचायतनामा) पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान

मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मां और बेटे के शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं. महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी गहनता से पड़ताल की जा रही है. एएसपी के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है.