ललितपुर के बानपुर थाना क्षेत्र के टीकरा तिवारी गांव में मंगलवार तड़के पूजा और उसके दो बच्चों के शव कुएं से बरामद किए गए. पुलिस की प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को लेकर पति से विवाद की बात सामने आई है, जबकि मामले के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.
ललितपुर. जिले के बानपुर थाना क्षेत्र स्थित टीकरा तिवारी गांव में मंगलवार तड़के पूजा और उसके दो बच्चों की कुएं में डूबने से मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में महिला के प्रेम प्रसंग को लेकर पति से विवाद होने की बात सामने आई है. पुलिस ने तीनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की और मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
रात में घर से गायब हुए
परिजनों के मुताबिक, रात करीब दो बजे बालकिशन की नींद खुली तो पूजा और दोनों बच्चे कमरे में नहीं थे. घर और आसपास तलाश करने के बाद भी उनका पता नहीं चला, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को जगाकर खोजबीन शुरू की गई.
तलाश के दौरान घर के पीछे खेतों की ओर बने कुएं के पास पूजा और बच्चों की चप्पलें मिलीं. परिजनों ने टॉर्च की रोशनी में कुएं के अंदर देखा तो पानी में हलचल नजर आई और एक कपड़ा तैरता दिखाई दिया. इसके बाद डायल 112 और बानपुर पुलिस को सूचना दी गई.
कुएं से निकाले गए शव
सूचना मिलने पर पुलिस सुबह करीब चार बजे घटनास्थल पहुंची और दमकल विभाग की टीम को बुलाया. बचावकर्मियों ने कुएं में लोहे का कांटा डालकर तलाश की, जिसमें पूजा और लक्ष्य के कपड़े फंस गए. इसके बाद दोनों के शव बाहर निकाले गए.
बाद में कुएं का पानी खाली कराया गया, तब पांच वर्षीय पूर्वी का शव भी बरामद हुआ. तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई.
प्रेम प्रसंग के विवाद की जांच
अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि पुलिस की शुरुआती जांच में पूजा के परिवार में रिश्ते में लगने वाले देवर के साथ प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है. इस मामले को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद और कहासुनी होने के बाद महिला द्वारा बच्चों के साथ जान देने की आशंका जताई गई है.
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

