राकेश चतुर्वेदी, बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जिले की लामता तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम कनारी में सर्पदंश की एक घटना में 7 वर्षीय मासूम शिवा मेरावी की मौत हो गई है। इस अचानक हुई दुर्घटना से मृत बच्चे के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
खेत में खेलने के दौरान हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि मृतक शिवा मेरावी (पिता रामप्रसाद मेरावी) रोजाना की तरह सुबह करीब 11 बजे अन्य बच्चों के साथ गांव के पास ही खेत की ओर खेलने के लिए गया था। बच्चे खेल में मग्न थे, तभी अचानक वहां एक जहरीला सांप आ गया और शिवा को डस लिया। सांप के काटने से बच्चे की तबीयत कुछ ही देर में तेजी से बिगड़ने लगी।
अस्पताल में डॉक्टरों कोशिशें रही नाकाम
बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद वे तुरंत उसे लेकर लामता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचे। यहाँ डॉक्टरों ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया और उसकी जान बचाने के हरसंभव प्रयास किए, लेकिन जहर पूरे शरीर में फैल चुका था। तमाम कोशिशों के बावजूद मासूम शिवा ने इलाज के दौरान ही अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे ग्राम कनारी में मातम पसरा हुआ है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

