धनबाद। सुबह-सुबह फल खरीदने घर से निकले 32 वर्षीय दौलत राम महतो की रास्ते में धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के घसकोडीह में हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने हत्या के पीछे लंबे समय से चले आ रहे जमीन विवाद को वजह बताया है और परिवार के ही पांच लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह दौलत राम महतो अपनी बाइक से फल खरीदने बाजार जा रहे थे। इसी दौरान निचितपुर जाने वाली सड़क पर उन पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से वार करने के बाद उनका गला काट दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जमीन विवाद में पुरानी अदावत का आरोप
घटना के बाद मृतक के भाई साहेब राम महतो ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने त्रिवेनी प्रसाद महतो, सूर्यकांत महतो, सचिन महतो, सरयू महतो और भगिया देवी को हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि परिवार में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पहले भी झगड़े और जान से मारने की धमकियां मिलने का दावा किया गया है।हालांकि, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस को परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिली है और उसके आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के संभावित साक्ष्यों को खंगाल रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी बनाए गए त्रिवेनी प्रसाद महतो राजगंज कॉलेज में प्रोफेसर हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और हत्या में कौन-कौन शामिल था।
दौेलत राम की हत्या के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, जमीन विवाद को लेकर लंबे समय से चल रही कथित रंजिश ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस की जांच के बाद ही हत्या की असली वजह और आरोपों की सच्चाई सामने आ सकेगी।

