अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे होने पर राजधानी वॉशिंगटन डीसी इतिहास की सबसे बड़ी आतिशबाजी से जगमगा उठी। वहीं न्यूयॉर्क में एयर शो, मियामी में कॉन्सर्ट और फिलाडेल्फिया समेत देशभर में परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। हालांकि, खराब मौसम ने कुछ देर के लिए कार्यक्रमों की रफ्तार धीमी कर दी थी। दरअसल, भव्य आतिशबाजी कार्यक्रम के दौरान एक बार फिर हल्की बारिश शुरू हो गई। जिसकी वजह से कई घंटो की देरी के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने अपना संबोधन दिया। उन्होंने कहा अब लोग ऐतिहासिक आतिशबाजी का लुत्फ उठा रहे हैं।

ट्रंप ने कहा कि पिछले ढाई सौ वर्षों से अमेरिका पूरी दुनिया के लिए उम्मीद, विश्वास, रोशनी और गर्व का प्रतीक रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ईश्वर की कृपा से देश आगे भी यही भूमिका निभाएगा और पहले से अधिक मजबूत बनेगा। ट्रंप ने कहा 1776 से लेकर जुलाई 2026 तक अमेरिका ने दुनिया को दिखाया है कि वह अत्याचार पर जीत हासिल कर सकता है और आजादी की रक्षा कर सकता है। उन्होंने दावा किया कि आज अमेरिका पहले से अधिक मजबूत, स्वतंत्र, समृद्ध, सुरक्षित और आत्मविश्वास से भरा हुआ है।
वोटिंग नियम सख्त करने की वकालत
राष्ट्रपति ट्रंप ने सैल्यूट टू अमेरिका कार्यक्रम के दौरान सेव अमेरिका एक्ट को पारित कराने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि हर मतदाता के लिए नागरिकता का प्रमाण देना अनिवार्य होना चाहिए। ट्रंप ने डाक मतपत्रों को केवल बीमारी, दिव्यांगता, सैन्य तैनाती या यात्रा जैसी विशेष परिस्थितियों तक सीमित करने की बात कही। उनका दावा था कि इससे चुनाव में गड़बड़ी रुकेगी। हालांकि अमेरिकी सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी के पास इस विधेयक को पारित कराने या फिलीबस्टर नियम खत्म करने के लिए आवश्यक समर्थन फिलहाल मौजूद नहीं है।
साम्यवाद साम्यवाद हमेशा असफल रहा
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने संबोधन में साम्यवाद यानी कम्युनिज्म पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि साम्यवाद हमेशा असफल रहा है और यह अमेरिकी व्यवस्था के बिल्कुल विपरीत है। ट्रंप ने इसे कैंसर की तरह बताते हुए कहा कि ऐसे खतरे को शुरुआत में ही खत्म कर देना चाहिए। अमेरिका कभी भी अपनी आजादी किसी के हाथ में नहीं जाने देगा और देश में साम्यवाद के लिए कोई जगह नहीं है। ट्रंप ने भाषण में अभिव्यक्ति की आजादी, धर्म की स्वतंत्रता और कानून के समक्ष समान न्याय जैसी संवैधानिक स्वतंत्रताओं का भी उल्लेख किया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

