लातेहार। मनिका थाना क्षेत्र से 15 अगस्त को लापता हुए 16 वर्षीय छोटू कुमार की हत्या की गुत्थी पुलिस ने 38 दिन बाद सुलझा ली है। पुलिस ने कुमंडीह जंगल के बंशी नाला से मृतक का कंकाल बरामद किया है। मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सिंजो निवासी प्रेमचंद भुइयां (19) और बेलवाटांड़ निवासी शिवम भुइयां उर्फ शिवम कुमार उर्फ श्याम (20) के रूप में हुई है। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

मोबाइल छीनने के बहाने जंगल ले गए

मुख्यालय डीएसपी प्रदीप कुमार के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने लापता किशोर की तलाश के दौरान मिले सुरागों के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि छोटू को मोबाइल छीनने के इरादे से बहला-फुसलाकर जंगल की ओर ले जाया गया था। जंगल पहुंचने के बाद मोबाइल को लेकर विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपितों ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को जंगल में छिपा दिया।

आरोपितों की निशानदेही पर मिला कंकाल

पूछताछ के बाद पुलिस आरोपितों को लेकर कुमंडीह जंगल के बंशी नाला पहुंची। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने वहां से मृतक का कंकाल बरामद किया।

घटनास्थल से कपड़े, स्कूल ड्रेस, चप्पल और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक को भी जब्त किया है।

38 दिन बाद सामने आया पूरा घटनाक्रम

पुलिस के अनुसार, बरामद सामान और आरोपितों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। कंकाल की पहचान समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

15 अगस्त से छोटू के लापता होने के बाद से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। अब 38 दिन बाद पुलिस द्वारा मामले का खुलासा किए जाने के बाद परिजनों को उसकी हत्या की जानकारी मिली है।