Lifestyle desk – Lauki Pulao Recipe : अक्सर रात के खाने के बाद चावल बच जाते हैं और अगले दिन समझ नहीं आता कि उनका क्या किया जाए। कई लोग बचे हुए चावल को दोबारा खाने से बचते हैं या फिर उन्हें फेंक देते हैं। लेकिन अगर आप चाहें तो इन्हीं चावलों से एक ऐसी स्वादिष्ट और झटपट बनने वाली डिश तैयार कर सकते हैं, जिसे घर के बच्चे और बड़े सभी पसंद करेंगे। खासतौर पर अगर घर में किसी को लौकी यानी घिया खाना पसंद नहीं है, तो यह तरीका आपके काफी काम आ सकता है।आप बचे हुए चावल और लौकी की मदद से चटपटे लौकी राइस बना सकते हैं। इसमें हींग, जीरा और कुछ सामान्य मसालों का तड़का स्वाद को काफी बढ़ा देता है। यह व्यंजन बनाने में आसान है और इसे सुबह के नाश्ते, दोपहर के भोजन या शाम के हल्के खाने में भी परोसा जा सकता है। आइए जानते हैं इसकी रेसिपी ।
सामग्री
पके हुए बचे चावल-2 कप
लौकी-1 कप कद्दूकस की हुई
जीरा-1 छोटा चम्मच
हींग-1 चुटकी
हरी मिर्च -1 बारीक कटी हुई
प्याज-1 छोटा बारीक कटा हुआ
हल्दी-आधा छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर-आधा छोटा चम्मच
धनिया पाउडर-आधा छोटा चम्मच
नमक-स्वादानुसार
तेल-1 से 2 चम्मच
हरा धनिया-थोड़ा सा
नींबू का रस-आधा छोटा चम्मच

विधि
- सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह धोकर छील लें और उसे कद्दूकस कर लें। कद्दूकस की हुई लौकी में अगर बहुत ज्यादा पानी है तो उसे हल्का सा निचोड़ सकते हैं। हालांकि, पूरी तरह पानी निकालने की जरूरत नहीं है।
- अब कड़ाही में तेल गर्म करें। इसमें जीरा डालें और जब जीरा चटकने लगे तो एक चुटकी हींग डाल दें। इसके बाद हरी मिर्च और बारीक कटा प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें।
- अब इसमें कद्दूकस की हुई लौकी डालें। लौकी को मध्यम आंच पर कुछ मिनट पकाएं, ताकि उसका कच्चापन निकल जाए और उसका अतिरिक्त पानी भी सूख जाए। इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें।
- जब मसाले लौकी के साथ अच्छी तरह मिल जाएं और मिश्रण थोड़ा सूख जाए, तब इसमें बचे हुए पके चावल डालें। चावल को बहुत ज्यादा चलाने के बजाय हल्के हाथ से मसाले और लौकी के साथ मिलाएं, ताकि चावल टूटें नहीं।
- अब कड़ाही को ढककर 2-3 मिनट धीमी आंच पर पकाएं। इससे चावल में लौकी और मसालों का स्वाद अच्छी तरह मिल जाएगा। आखिर में नींबू का रस और बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिला दें।आपके स्वादिष्ट लौकी राइस तैयार हैं।
लौकी न खाने वालों के लिए भी है अच्छा तरीका
कई बच्चों और बड़ों को लौकी का स्वाद पसंद नहीं आता। ऐसे में लौकी को अलग से सब्जी बनाकर खिलाने के बजाय उसे कद्दूकस करके चावल में मिलाया जा सकता है। मसालों और हींग-जीरे के तड़के की वजह से इसका स्वाद सामान्य लौकी की सब्जी से काफी अलग लगता है।
इस रेसिपी में आप अपनी पसंद के अनुसार थोड़ा सा गरम मसाला या हरी धनिया की मात्रा भी बढ़ा सकते हैं। इसे दही, रायते या सलाद के साथ परोसने पर स्वाद और बढ़ जाता है।

