लखनऊ विकास प्राधिकरण की आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों की लंबित रजिस्ट्री के लिए 13 से 15 अक्टूबर तक विशेष निबंधन शिविर आयोजित किया जा रहा है. शिविर में संबंधित अधिकारी दस्तावेज तैयार करने से लेकर पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कराने तक की सुविधा एक ही पटल पर उपलब्ध कराएंगे.
लखनऊ. लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों की लंबित रजिस्ट्री पूरी कराने के लिए 13 से 15 अक्टूबर 2026 तक विशेष निबंधन शिविर आयोजित किया जा रहा है. प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में लगने वाले इस शिविर में संबंधित अधिकारी और कर्मचारी एक ही पटल पर रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेज तैयार करने और पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग करेंगे.
तीन दिन चलेगा शिविर
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने विशेष शिविर के आयोजन के संबंध में आदेश जारी किए हैं. प्राधिकरण के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि एलडीए की ओर से अलग-अलग समय पर आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों का आवंटन किया गया था, लेकिन इनमें से कई की रजिस्ट्री अब तक नहीं हो सकी है.
इसी समस्या को दूर करने के लिए एलडीए और निबंधन विभाग के सहयोग से यह पहल की गई है. शिविर में संबंधित अधिकारी और कर्मचारी एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेंगे, ताकि आवंटियों को रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराने में सुविधा मिल सके.
आवंटियों को भेजी जा रही सूचना
एलडीए के उप सचिव माधवेश कुमार ने बताया कि जिन आवंटियों ने अपनी संपत्ति की पूरी धनराशि जमा कर दी है, उन्हें कॉल सेंटर के माध्यम से रजिस्ट्री कराने की सूचना भेजी जा रही है.
इसके अलावा, जिन आवंटियों ने संपत्ति की कुल कीमत का 80 प्रतिशत या उससे अधिक भुगतान कर दिया है, उन्हें शेष धनराशि जमा कराकर रजिस्ट्री पूरी कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा.

