बुरी संगत में ना पड़ना पहली समझदारी है दुर्भाग्य से अगर उस जंजाल में फंस ही चुके हैं तो यथाशीघ्र खुद को उसके चंगुल से छुड़ाना दूसरी समझदारी और फिर उस दलदल में दोबारा ना उतरना तीसरी और सबसे बड़ी समझदारी होगी। “Once bitten, twice shy” इसका आशय है एक बार ठगे जाने या डसे जाने के बाद पीड़ित स्वाभाविक रूप से सतर्क हो जाता है। सरल सी लगने वाली यह कहावत जीवन का महत्वपूर्ण सिद्धांत भी बन सकती है। किसी ना किसी उम्र में व्यक्ति धोखा या ठोकर अवश्य खाया होता है लेकिन वही अनुभव उसे आगे के लिए सजग भी बनाता है। पहली बार धोखा या फ़रेब खाने वाला भावनाओं के वश में होता है क्योंकि आरम्भ में विश्वास अधिक होता है और संदेह कम लेकिन जैसे ही वास्तविकता से उसका सामना होता है उसके भीतर एक नई समझ जन्म लेती है। वह मन का सौंदर्य परखना सीखता है। विश्वास करना गलत नहीं है लेकिन भरोसा करने में जल्दबाज़ी नुकसानदेह हो सकता है। ठोकर खाने के बाद ही व्यक्ति अपने निर्णयों में सावधानी बरतता है उसे लोगों की परख होने लगती है, वह परिस्थितियों का आकलन और जल्दबाजी से बचना सीखता है।बुरे भले की पहचान के बाद उनसे अपनी दूरी और निकटता का निर्धारण करना चाहिए क्योंकि सरल व्यक्तियों पर संगत का असर अवश्य होता है।

”सठ सुधरहिं सतसंगति पाई। पारस परस कुधात सुहाई॥”

संतसंगति और स्वभाव के प्रभाव को दर्शाने वाली रामचरितमानस की इस प्रसिद्ध चौपाई का सार है कि संगति का असर उसी पर होता है जिसका मन सरल और ग्रहणशील हो। बुरी या नीच प्रकृति वाले लोग अच्छी संगति का असर नहीं ले पाते या उन पर सुधार का प्रभाव नहीं होता जैसे बांस, चंदन के पास रहकर भी उसके को सुगंध को ग्रहण नहीं कर पाता क्योंकि उसकी प्रकृति अलग होती है।

यह भी ध्यान रखना आवश्यक है कि एक बार के बुरे अनुभव के कारण हम किसी पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर संदेह करना शुरू कर दें। क्योंकि अत्याधिक शंका संबंधों को कमजोर करती है। संतुलन बनाए रखिए न अंधविश्वास, न अति-संदेह।स्मरण में रहे ठगे जाने का अनुभव हमें तोड़ता नहीं बल्कि भीतर से मजबूत और समझदार बनाता है। जीवन की पाठशाला में हर गलती एक नई सीख बनती है। इसलिए ठोकर से घबराने की बजाय, उससे सीख लेकर आगे बढ़ना ही सच्ची बुद्धिमानी है।

संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H