प्रतीक पटनायक, धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक तेंदुए ने घर में घुसकर दो ग्रामीणों पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने तेंदुए को भी मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद से पूरे वनांचल क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पढ़िए पूरी खबर
दरअसल, यह पूरा मामला नगरी ब्लॉक के बिरगुड़ी रेंज स्थित ग्राम कर्राघाटी का है। रात के वक्त अचानक एक तेंदुआ घर के अंदर आ गया और सो रहे दो ग्रामीणों धरम नेताम और गांधी नेताम पर हमला कर दिया।

घायलों की हालत सामान्य
ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुए और घायलों के बीच जमकर संघर्ष भी हुआ। चीख पुकार सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो तेंदुआ डरकर एक घर में जा घुसा। ग्रामीणों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए दोनों घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। इनमें से एक घायल की हालत बेहद गंभीर थी, लेकिन समय पर इलाज मिलने से अब उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

तेंदुए को उतारा मौत के घाट
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने तेंदुए को भी मौत के घाट उतार दिया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया और नियमानुसार उसका दाह संस्कार कर दिया है। विभाग द्वारा पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।

अपनी सुरक्षा को लेकर लोग चिंतित
बता दें कि नगरी का यह वनांचल क्षेत्र जंगलों से घिरा हुआ है, जहां जंगली जानवरों की आवाजाही आम बात है। आए दिन यहां हिंसक जानवरों के हमलों में कई लोग घायल हो चुके हैं और कई अपनी जान भी गंवा चुके हैं। बहरहाल रात के वक्त घर में घुसकर हुए इस हमले ने ग्रामीणों को बुरी तरह सहमा कर रख दिया है और लोग अब अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


