अखिलेश बिल्लोरे, हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले के ग्राम पलासनेर स्थित सालासर एग्रोबेट सोयाबीन प्लांट के अंदर एक तेंदुआ के घूमने का मामला सामने आया है, जिससे प्लांट में काम करने वाले 100 से अधिक कर्मचारियों में भारी दहशत का माहौल है। गनीमत यह रही कि यह पूरी घटना प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिससे इस बात का खुलासा हुआ।

2 दिन से प्लांट परिसर में घूम रहा तेंदुआ

मिली जानकारी के अनुसार, तेंदुआ पिछले दो दिनों से सोयाबीन प्लांट परिसर में बेखौफ घूम रहा है। प्लांट के अंदर इतने बड़े वन्यजीव की मौजूदगी के बाद भी यहां काम करने वाले सैकड़ों कर्मचारियों की जान जोखिम में है।

प्रबंधन और वन विभाग की गंभीर लापरवाही

इस मामले में प्लांट प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। प्लांट में तेंदुआ देखे जाने के बावजूद प्रबंधन ने शुरुआती दो दिनों तक इसकी सूचना वन विभाग को नहीं दी। मामला तब उजागर हुआ जब तेंदुए का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद किसी तरह प्रबंधन की नींद खुली।

इसके बाद जब वन विभाग को इसकी सूचना दी गई, तो विभाग के सुस्त रवैये की पोल खुल गई। आरोप है कि सूचना देने के डेढ़ घंटे बीत जाने के बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुँची। स्थानीय स्तर पर फैली इस स्थिति को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि प्रशासन और जिम्मेदार विभागों को किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m