अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र की नयागांव ग्राम पंचायत के शिवसागर गांव में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात तेंदुए ने अहरी में बंधी भेड़ों पर हमला कर दिया। हमले में 9 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि 3 भेड़ गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

READ MORE: जर्जर सड़कों-दूषित पेयजल और… सतना में NSUI ने किया नगर निगम का घेराव, दी ये चेतावनी

जानकारी के अनुसार ग्रामीण सुखीराम, महेश पाल और बेवा उर्मिला पाल ने अपने घरों के बाहर अहरी में भेड़ें बांध रखी थीं। शुक्रवार सुबह जब परिवार के लोग वहां पहुंचे तो 9 भेड़ें मृत पड़ी मिलीं, जबकि 3 घायल हालत में तड़प रही थीं। घटनास्थल की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने किसी जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई और तत्काल वन विभाग को सूचना दी।

READ MORE: महिला जज को धमकी देने का मामला: हाईकोर्ट की दो टूक- न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं; दो आरोपी को भेजा जेल  

सूचना मिलने पर मझगवां के सहायक रेंजर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास तेंदुए के पदचिन्ह मिले, जिससे तेंदुए के हमले की पुष्टि हुई। वन विभाग ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी है और आसपास के जंगल व गांव में तेंदुए की सर्चिंग शुरू कर दी गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और रात के समय पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधने की अपील की है। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नुकसान का पंचनामा तैयार किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद पीड़ित पशुपालकों को वन विभाग के नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m