अनमोल मिश्रा, सतना। सतना शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर शुक्रवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया। एनएसयूआई ने सतना नगर निगम मुख्यालय का घेराव किया। बारिश के मौसम में शहर की बदहाल व्यवस्था, जर्जर सड़कें, गंदे पानी की आपूर्ति और स्थानीय खिलाड़ियों की समस्याओं को लेकर संगठन ने निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर नगर पालिक निगम परिसर में सीएसपी, टीआई समेत भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कमिश्नर के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर शहर की निम्नलिखित बुनियादी और प्रमुख समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि मानसून की शुरुआत होते ही शहर की मुख्य सड़कों से लेकर रिहायशी इलाकों की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। जल निकासी (ड्रेनेज सिस्टम) की सही व्यवस्था न होने से मामूली बारिश में भी सड़कों पर जलभराव हो रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर के कई वार्डों में पिछले कुछ समय से मटमैले और दूषित पानी की सप्लाई होने की शिकायतें आ रही हैं।
ये भी पढ़ें: इंदौर में केंद्र सरकार पर गरजे हरीश चौधरी, राम मंदिर चंदा विवाद से लेकर एमपी की राजनीति पर कही ये बात
NSUI ने की ये मांग
संगठन का आरोप है कि इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है, लेकिन निगम प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। शहर में सार्वजनिक परिवहन को सुगम बनाने के लिए शुरू की जाने वाली इलेक्ट्रिक बस सेवा के ठप या सुस्त पड़े काम को लेकर भी नाराजगी जताई गई। मांग की गई कि आम जनता को राहत देने के लिए इस सेवा को पूरी क्षमता के साथ तत्काल नियमित किया जाए। एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने कहा कि धवारी स्थित क्रिकेट स्टेडियम को स्थानीय खिलाड़ियों और युवाओं के लिए पूरी तरह से न खोले जाने को लेकर छात्रों में भारी आक्रोश है।
एनएसयूआई ने मांग की है कि खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए स्टेडियम के दरवाजे अविलंब खिलाड़ियों के लिए खोले जाएं और वहां जरूरी सुविधाएं बहाल की जाएं। घेराव के दौरान जब एनएसयूआई कार्यकर्ता निगम परिसर के भीतर दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे, तब वहां मुस्तैद पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और झूमाझटकी भी देखने को मिली। कानून व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए सीएसपी और थाना प्रभारियों (TI) ने मोर्चा संभाले रखा और कार्यकर्ताओं को शांत कराया।
ये भी पढ़ें: गौशालाओं के नाम डकार गए 50 करोड़: कागजों पर ‘जिंदा’ हुईं मरी गायें, रिश्वत के चेक से डिप्टी डायरेक्टर ने बेटे के नाम खरीदा बंगला!
संगठन की चेतावनी, निगम का आश्वासन
एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि सतना शहर की जनता टैक्स भरती है, लेकिन बदले में उन्हें जर्जर सड़कें, गंदा पानी और जलभराव जैसी समस्याएं मिल रही हैं। युवाओं और खिलाड़ियों के हक को भी दबाया जा रहा है। यदि नगर निगम प्रशासन ने इन सभी मांगों पर अगले कुछ दिनों के भीतर ठोस और सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने ज्ञापन लेने के बाद आश्वासन दिया है कि जर्जर सड़कों की मरम्मत और पेयजल से जुड़ी समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्टेडियम से जुड़े विषय पर भी संबंधित विभाग से चर्चा कर उचित निर्णय लिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

