शेख आरिफ, श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले से खाकी और कानून को चुनौती देने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां अवैध शराब की सूचना पर कार्रवाई करने गई आबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में आबकारी विभाग का सरकारी वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी सरेआम लाठी-डंडे बरसाते हुए नजर आ रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल घटना श्योपुर जिले के मानपुर थाना इलाके के पीपलमेंटा गांव की है। आबकारी विभाग की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पीपलमेंटा गांव में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम जब गांव में दबिश देने और कार्रवाई करने पहुंची, तो वहां मौजूद ग्रामीणों ने टीम को घेर लिया। देखते ही देखते ग्रामीणों ने कानून को हाथ में लेते हुए आबकारी टीम पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने जैसे-जैसे अपनी जान बचाई, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने आबकारी विभाग की सरकारी गाड़ी पर जमकर लाठियां बरसाईं, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ट्विशा शर्मा केस: दोबारा पोस्टमार्टम के लिए हाईकोर्ट जाएगा परिवार, उपभोक्ता आयोग अध्यक्ष गिरिबाला
वीडियो वायरल
इस दुस्साहसिक वारदात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपी बिना किसी खौफ के हाथों में लाठी-डंडे लेकर आबकारी टीम की गाड़ी पर हमला कर रहे हैं और तोड़फोड़ मचा रहे हैं।
शासकीय कार्य में बाधा का मामला दर्ज
घटना के बाद आबकारी विभाग के अधिकारियों ने तुरंत मानपुर थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। आबकारी विभाग की तहरीर पर मानपुर थाना पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने (अवरोध पैदा करने) सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

