पुरुषोत्तम पात्र, गरियाबंद। जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसा देवभोग थाना क्षेत्र के पीटापारा गांव में हुआ। जानकारी के अनुसार, पीटापारा गांव निवासी एक ही परिवार के चार लोग खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई।

बारिश से बचने के लिए सभी खेत में बनी झोपड़ी में जाकर बैठ गए। तभी अचानक आकाशीय बिजली सीधे झोपड़ी पर गिर गई। हादसे में 33 वर्षीय ओमप्रकाश ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोग घायल हो गए।

narayana

घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल देवभोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। घायलों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

प्रदेश में अगले 5 दिनों तक लू चलने की चेतावनी

इधर मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य हिस्सों में अगले 5 दिनों तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। मंगलवार शाम रायगढ़ में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। दुर्ग-भिलाई में भी आंधी-तूफान का असर देखने को मिला, जहां तेज हवा और बारिश के दौरान एक बिजली पोल कार पर गिर गया। रायपुर में भी आसमान में बादल छाए रहे।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि बीते 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया है। प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान बिलासपुर में 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं नारायणपुर जिले के नांगुर में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें