बरहड़वा (साहिबगंज)। शराब तस्करी के लिए तस्कर किस तरह नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं, इसका एक और मामला साहिबगंज के बरहड़वा में सामने आया है। केले के बोरों और ‘कश्मीर एप्पल’ लिखे कार्टूनों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही 115 लीटर बीयर को आरपीएफ ने बरामद किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर 26 अगस्त को सीआईबी मालदा और आरपीएफ बरहड़वा की संयुक्त टीम ने ट्रेन संख्या 13415 पटना एक्सप्रेस की जांच की। जांच के दौरान ट्रेन के दूसरे अंतिम जनरल कोच में कुछ सामान संदिग्ध नजर आया।
छह बोरे और दो कार्टून ने खोला राज
टीम को कोच में केले से भरे छह प्लास्टिक बोरे और ‘कश्मीर एप्पल’ लिखे दो कार्टून मिले। तलाशी लेने पर इनमें हेवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रांग बीयर के 230 कैन बरामद हुए।
प्रत्येक कैन में 500 एमएल बीयर थी। तस्करों ने कैनों को केले और फलों की पेटियों के बीच इस तरह छिपाया था कि बाहर से देखने पर यह सामान्य सामान ही नजर आए।
230 कैन में मिली 115 लीटर शराब
आरपीएफ के अनुसार, बरामद 230 कैनों में कुल 1.15 लाख एमएल यानी 115 लीटर विदेशी शराब थी। इसकी अनुमानित कीमत करीब 25,300 रुपये आंकी गई है।
जब्त शराब को बरहड़वा आरपीएफ पोस्ट लाया गया और आगे की कार्रवाई के लिए इसकी सूचना साहिबगंज उत्पाद विभाग को दे दी गई।
तस्करों की तरकीब पर आरपीएफ की नजर
कार्रवाई में सीआईबी मालदा के एसआई नंदन कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल नूपुर बरन मिड्या और आरपीएफ बरहड़वा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार, एएसआई सुरेश पासवान समेत प्लेटफॉर्म स्टाफ शामिल रहा।
फल और सब्जियों की आड़ में शराब को दूसरे राज्य तक पहुंचाने की कोशिश की गई थी, लेकिन जांच के दौरान संदिग्ध सामान पर नजर पड़ते ही तस्करी का पूरा खेल सामने आ गया। हालांकि, शराब किसकी थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जांच जारी है।


