इमरान खान,खंडवा। जिले की ज्योतिर्लिंग नगरी ओंकारेश्वर से बड़ी खबर सामने आई है। ओंकारेश्वर और ममलेश्वर को जोड़ने वाले झूला पुल के लोडिंग तार की एक कड़ी टूट जाने के बाद प्रशासन ने एहतियातन पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है। सुरक्षा की दृष्टि से पुल के दोनों ओर लगे गेटों पर ताले लगा दिए गए हैं और किसी भी व्यक्ति को पुल से गुजरने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
READ MORE: उज्जैन में ताश के पत्तों की तरह भरभराकर गिरा 2 मंजिला मकान, दबने से बच्चे की मौत, 5 लोग गंभीर, मची अफरा-तफरी
प्रशासन द्वारा पुल के दोनों छोर पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि कोई भी व्यक्ति बंद किए गए पुल पर प्रवेश न कर सके। तकनीकी टीम ने पुल का निरीक्षण शुरू कर दिया है और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत की तैयारी की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, झूला पुल की मरम्मत और सुधार कार्य में करीब तीन दिन का समय लग सकता है। इस दौरान ओंकारेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को नर्मदा नदी पार करने के लिए पुराने पुल या नाव का सहारा लेना पड़ेगा।
READ MORE: सीहोर जिला जेल में कैदी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जेल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
बता दें कि,नर्मदा नदी पर बना यह झूला पुल वर्ष 2004 में लगभग 7.20 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया था। यह पुल ओंकारेश्वर और ममलेश्वर के बीच आवागमन का प्रमुख साधन माना जाता है। इससे पहले वर्ष 2023 में भी पुल का एक तार टूट गया था, जिसके बाद मरम्मत कर पुल को दोबारा चालू किया गया था। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा कारणों के चलते बंद किए गए पुल का उपयोग नहीं करने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद पुल की तकनीकी जांच कर उसे दोबारा शुरू किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

