Lohawat Murder Case: राजस्थान के जोधपुर जिले के लोहावट थाना क्षेत्र के जंभेश्वरनगर गांव में भंवरी देवी विश्नोई की हत्या और उनकी दो बेटियों पर हुए जानलेवा हमले की जांच में बड़ा अपडेट सामने आया है।
राजस्थान पुलिस DGP के निर्देश पर गठित SIT की मांग पर मंगलवार को जयपुर से स्टेट फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की विशेषज्ञ टीम लोहावट पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पूरे घटनाक्रम का सीन री-क्रिएशन कराया। SIT प्रमुख DIG देवेंद्र विश्नोई और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच
FSL टीम ने वारदात वाली जगह की वैज्ञानिक मैपिंग की। अलग-अलग कोणों से हाई-रिजॉल्यूशन तस्वीरें ली गईं और मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। जांच का मकसद घटना के घटनाक्रम और हमले के तरीके से जुड़े अहम पहलुओं को वैज्ञानिक तरीके से समझना है। जांच टीम ने अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौटीं घायल बच्चियों से भी जानकारी ली। उनसे हमलावर की कद-काठी, उसकी गतिविधियों और हमले के दौरान की परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटाई गई। हमले के बाद बच्चियों की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे उनके ताऊ के घटनास्थल पर आने और वहां पहुंचने के बाद उन्होंने क्या देखा, इसका भी सीन री-क्रिएशन किया गया।
3 संदिग्धों का पॉलीग्राफी टेस्ट
SIT इस मामले में कई संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। DIG देवेंद्र विश्नोई के अनुसार, हिरासत में लिए गए तीन मुख्य संदिग्धों का पॉलीग्राफी टेस्ट कराया जा चुका है। अब SIT को FSL से पॉलीग्राफी टेस्ट की आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट मिलने के बाद संदिग्धों के बयानों और जांच में सामने आए अन्य तथ्यों का विश्लेषण किया जाएगा। घटना के बाद से SIT की अलग-अलग टीमें राजस्थान और पड़ोसी राज्यों में संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
फॉरेंसिक रिपोर्ट से क्या सामने आएगा?
FSL टीम अपनी जांच पूरी करने के बाद SIT को विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी। इसमें घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हमले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य शामिल होंगे। जांच में हथियार के कोण, खून के धब्बों के पैटर्न और हमलावर की शारीरिक स्थिति से जुड़े पहलुओं का भी विश्लेषण किया जाएगा। अब पुलिस की जांच में फॉरेंसिक साक्ष्यों और पॉलीग्राफी रिपोर्ट को अहम माना जा रहा है। इन दोनों के विश्लेषण से मामले की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
पढ़ें ये खबरें
- CJP Protest: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति क्यों नहीं मिली? दिल्ली पुलिस ने बताई वजह
- त्योहारों पर सावधान! यूपी में 22.6 टन मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त, 1.04 करोड़ का माल पकड़ा
- भारत के खिलाफ सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को चौथा झटका, अब धाकड़ तेज गेंदबाज पूरे दौरे से हुआ बाहर
- विश्वास, संवेदना और जिम्मेदारी की भावना से सराबोर है प्रथमेश हॉस्पिटल, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कल करेंगे शुभारंभ
- राहुल-केजरीवाल पर बीजेपी का बड़ा आरोप, हार से हताश होकर विदेशी ताकतों के साथ रच रहे षड्यंत्र
