Business Desk – Lohia Corp IPO Listing : टेक्निकल टेक्सटाइल्स के लिए मशीनरी और इक्विपमेंट बनाने वाली लोहिया कॉर्प के शेयरों की आज घरेलू शेयर बाजार में मजबूत लिस्टिंग हुई। कंपनी के शेयर आईपीओ के 425 रुपए के इश्यू प्राइस के मुकाबले बीएसई पर 460 रुपए और एनएसई पर 461 रुपए पर सूचीबद्ध हुए। यानी निवेशकों को लिस्टिंग पर 8% से ज्यादा का फायदा मिला।

लिस्टिंग के बाद शेयरों में शुरुआती खरीदारी जारी रही और बीएसई पर यह 461.35 रुपए तक पहुंच गया। इस स्तर पर आईपीओ निवेशकों का मुनाफा करीब 8.55% हो गया। हालांकि, इसके बाद शेयरों में गिरावट भी देखने को मिली, जिससे शुरुआती उत्साह कुछ कम हो गया। वहीं, कर्मचारियों (Employees) को हर शेयर 40 रुपए के डिस्काउंट पर मिला था, इसलिए उन्हें और ज्यादा फायदा हुआ।
आईपीओ को मिला था अच्छा रिस्पॉन्स
1,001 करोड़ रुपए का यह आईपीओ 23 जुलाई से 27 जुलाई तक खुला था। इसे निवेशकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और कुल मिलाकर 7.26 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB): 9.11 गुना (एंकर निवेशकों को छोड़कर)
नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII): 6.82 गुना
रिटेल निवेशक: 2.78 गुना
कर्मचारी श्रेणी: 1.39 गुना
पूरा इश्यू ऑफर फॉर सेल था
इस आईपीओ के तहत कोई नया शेयर जारी नहीं किया गया। 1 रुपए फेस वैल्यू वाले कुल 2,59,31,407 शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेचे गए। इसका मतलब है कि आईपीओ से जुटाई गई पूरी राशि कंपनी को नहीं मिली, बल्कि अपने शेयर बेचने वाले मौजूदा शेयरधारकों को गई।
क्या काम करती है Lohia Corp?
लोहिया कॉर्प टेक्निकल टेक्सटाइल्स इंडस्ट्री के लिए मशीनरी और इक्विपमेंट बनाती है। कंपनी की मशीनों का इस्तेमाल पॉलीप्रोपिलीन (PP) और हाई-डेंसिटी पॉलीएथिलीन (HDPE) से बने वुवन फैब्रिक और बोरों के निर्माण में होता है।
कंपनी टेप एक्सट्रूजन लाइन, सर्कुलर लूम, कोटिंग और लैमिनेशन लाइन, प्रिंटिंग एवं कन्वर्जन मशीन, मल्टीफिलामेंट यार्न मशीन, ट्विस्टर वाइंडर, मोनोफिलामेंट एक्सट्रूजन लाइन, रीसाइक्लिंग मशीन और स्पेयर पार्ट्स का निर्माण करती है। इनका इस्तेमाल सीमेंट, खाद, केमिकल, अनाज के बोरे, तिरपाल, रस्सी और सुतली समेत कई उत्पाद बनाने में किया जाता है।
विदेशों में भी फैला है कारोबार
कंपनी का कारोबार भारत के अलावा ब्राजील, रूस, थाईलैंड, यूएई और अमेरिका जैसे देशों में फैला हुआ है। इसके वेयरहाउस भारत, अमेरिका और यूएई में हैं। मार्च 2026 तक कंपनी के आठ देशों में स्टॉकिस्ट मौजूद थे।
कैसी है कंपनी की वित्तीय स्थिति?
वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 64.16% बढ़कर 193.45 करोड़ रुपए हो गया। वहीं, कुल आय (टोटल इनकम) 25.34% बढ़कर 1,737.87 करोड़ रुपए पहुंच गई।
मार्च 2026 तिमाही के अंत तक कंपनी पर कुल 152.78 करोड़ रुपए का कर्ज था, जबकि उसके रिजर्व और सरप्लस में 519.16 करोड़ रुपए मौजूद थे।


