शरद पाठक, छिंदवाड़ा। लकड़ी कारोबार का पंजीयन रद्द करने की धमकी देकर रिश्वत मांगने के आरोप में लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने वन विभाग के वनपाल एवं प्रभारी डिप्टी रेंजर सुनील बनवारी को 3 हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बिछुआ में आरोपी के शासकीय आवास पर लोकायुक्त ने यह कार्रवाई की।
जानकारी पर हस्ताक्षर के लिए मांगे रुपये
लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, बिछुआ निवासी मोखराम मालवीय के भाई लेखराम मालवीय के नाम पर इमारती लकड़ी के विनिर्माता और उपभोक्ता का पंजीयन है। फर्नीचर निर्माण के लिए विभिन्न स्थानों से खरीदी जाने वाली लकड़ी का विवरण हर तीन महीने में वन विभाग में जमा करना जरुरी है। आरोप है कि इसी त्रैमासिक जानकारी पर हस्ताक्षर करने के बदले प्रभारी डिप्टी रेंजर सुनील बनवारी ने 3 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम नहीं देने पर पंजीयन रद्द करने की धमकी भी दी गई।
शिकायत का सत्यापन कर बिछाया जाल
रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने जैसे ही आरोपी के शासकीय आवास पर कथित रिश्वत की रकम सौंपी, मौके पर मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
लोकायुक्त टीम आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 13(1)(B) और 13(2) के तहत कार्रवाई कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
लकड़ी कारोबार से जुड़े पंजीयन पर कार्रवाई की धमकी और सरकारी काम के बदले रिश्वत की मांग के इस मामले में लोकायुक्त की कार्रवाई से वन विभाग में हड़कंप मच गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

