चंकी बाजपेयी, इंदौर। एमपी के इंदौर में विद्युत मंडल के जूनियर इंजीनियर को 40 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ लोकायुक्त ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि सोलर पैनल इंस्टॉल करने की फाइल को आगे बढ़ाने के एवज में 80 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। पहली किस्त लेते ही अधिकारी को दबोच लिया गया। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है।
लोकायुक्त निरीक्षक सचिन पटेरिया के मुताबिक होटल कारोबारी शिव प्रकाश बसवाल निवासी कुलकर्णी का भट्टा ने लोकायुक्त में एक शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि मारुति नगर के पास जी आर 7 होटल की इमारत पर सोलर पैनल लगाने की फाइल तैयार की गई थी। जिसे सुखलिया जोन के विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री नमेश कुमार भौंडेकर ने फाइल को आगे बढ़ाने और काम करने के लिए 80 हजार रुपए की डिमांड की थी। जिसकी पहली किस्त 40 हजार देना था 

फरियादी ने लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय से शिकायत की थी। उसी आधार पर ट्रैप दल तैयार किया और अधिकारी के कार्यालय में ही 40 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया गया। मामले में कार्रवाई की जा रही है भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और दस्तावेजों की भी जांच पड़ताल की जा रही है। संभावना है कि आने वाले समय में ट्रैप हुए अधिकारी की संपत्ति की जांच भी की जा सकती है। बताया जा रहा है कि सुखलिया जोन पर नौकरी करते हुए उन्हें 3 साल हो चुके हैं। इससे पहले वह खजराना जोन पर पदस्थ थे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m