हेमंत गुर्जर, देवास। मध्य प्रदेश के देवास में शादी के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर ठगी करने वाले गिरोह का बैंक नोट प्रेस पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चार आरोपी महाराष्ट्र के चंद्रपुर और एक आरोपी देवास का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शादी करवाने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनके साथ धोखाधड़ी करते थे।
मामले की शिकायत मिलने के बाद बैंक नोट प्रेस पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अमर सूतार, लक्ष्मी श्रीनेत, कंचनबाई सोनवाने, प्रीति सोनवाने और देवास निवासी रमेश गोस्वामी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के साथ-साथ ठगी की अन्य घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

