प्रतीक शर्मा, लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक ई-रिक्शा सड़क पर बने गड्ढे में असंतुलित होकर पलट गई। राहत की बात यह रही कि ई-रिक्शा में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं और किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि निर्माणाधीन सड़क से गुजरते समय ई-रिक्शा अचानक गड्ढे में फंसकर अपना संतुलन खो देती है और पलट जाती है। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

देखें VIDEO

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और सड़क निर्माण कर रहे ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि सड़क का निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा है, लेकिन बारिश के मौसम को देखते हुए गड्ढों की मरम्मत और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। इसी लापरवाही के कारण स्कूली बच्चों से भरी ई-रिक्शा दुर्घटनाग्रस्त हुई।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि उन्होंने बारिश शुरू होने से पहले ही PWD विभाग को सड़क की खराब स्थिति से अवगत कराया था। साथ ही सड़क की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यदि विभाग और निर्माण एजेंसी ने समय पर आवश्यक कदम उठाए होते तो इस हादसे से बचा जा सकता था।

घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में नाराजगी का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने निर्माणाधीन सड़क का काम जल्द पूरा करने, गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H