लातेहार। दोस्ती निभाने की कोशिश में दो युवकों की जिंदगी खत्म हो गई। लातेहार के पातम-डाटम जलप्रपात में एक युवक को डूबता देख उसका दोस्त आशिक अंसारी उसे बचाने के लिए गहरे पानी में उतर गया। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। दोस्त को बचाने की कोशिश में दोनों युवक पानी में डूब गए। रविवार को हुए इस हादसे के बाद करीब 24 घंटे तक तलाश जारी रही। सोमवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने दोनों के शव बरामद कर लिए।
दोस्त को बचाने की कोशिश बनी आखिरी कोशिश
घटना हेरहंज क्षेत्र के पातम-डाटम जलप्रपात की है। जानकारी के अनुसार, एक युवक गहरे पानी में डूबने लगा। उसे संकट में देखकर आशिक अंसारी खुद को रोक नहीं पाया और दोस्त की जान बचाने की उम्मीद में पानी में उतर गया। लेकिन पानी की गहराई और परिस्थितियों के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके।
24 घंटे की तलाश के बाद मिले शव
हादसे की सूचना के बाद दोनों युवकों की तलाश शुरू की गई। करीब 24 घंटे तक चले खोज अभियान के बाद सोमवार को एनडीआरएफ की टीम ने दोनों के शव पानी से बाहर निकाले। इस दुखद घटना से परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।
दोस्त को बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले आशिक अंसारी की कोशिश दर्दनाक हादसे में बदल गई। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।

