LSG vs RR IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 32वें मुकाबले में आज लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और राजस्थान रॉयल्स (RR) आमने-सामने होंगी। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह इस सीजन का सातवां मैच है। टीम ने अब तक खेले गए छह मुकाबलों में से चार में हार झेली है और अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। लगातार तीन मैच गंवाने के बाद ऋषभ पंत की अगुआई वाली टीम इस मुकाबले में वापसी कर जीत का सिलसिला शुरू करना चाहेगी।

वहीं, राजस्थान रॉयल्स का भी यह सातवां मुकाबला होगा। टीम ने अपने छह मैचों में चार जीत दर्ज की हैं, लेकिन पिछले दो मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में राजस्थान की नजरें भी इस मैच में जीत हासिल कर फिर से लय में लौटने पर होंगी।

बता दें कि लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच यह मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आज शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि आधा घंटा पहले 7 बजे टॉस होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, संभावित प्लेइंग 11, इकाना की पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

मार्करम ने संभाली लखनऊ की बल्लेबाजी

लखनऊ के लिए इस सीजन में ऐडन मार्करम शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। उन्होंने 6 मैचों में 162 रन बनाए हैं और 160.30 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए मिडिल ऑर्डर को मजबूती दी है। हालांकि, अभी तक उनके बल्ले से कोई बड़ी पारी (अर्धशतक/शतक) नहीं आई है।

गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने सबसे ज्यादा प्रभाव डाला है। इस युवा गेंदबाज ने 6 मैचों में 12 विकेट झटके हैं और 4/28 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। 9.91 की इकोनॉमी के बावजूद उनकी विकेट लेने की क्षमता टीम के लिए अहम साबित हुई है।

राजस्थान के वैभव सूर्यवंशी पर होगी सभी की नजर

राजस्थान रॉयल्स के लिए वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन में जबरदस्त बल्लेबाजी की है। उन्होंने 6 मैचों में 246 रन बनाए हैं और 236.53 के शानदार स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए विरोधी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाया है। उनके नाम इस सीजन में 2 अर्धशतक भी दर्ज हैं।

गेंदबाजी में रवि बिश्नोई ने अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने 6 मैचों में 10 विकेट हासिल किए हैं और 4/41 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। 9.50 की इकोनॉमी के बावजूद वह मिडिल ओवरों में विकेट निकालकर टीम को मैच में बनाए रखते हैं। अब देखना होगा कि इस मुकाबले में कौन सी टीम बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत की राह पर लौटती है।

लखनऊ के इकाना स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम की पिच को आमतौर पर संतुलित माना जाता है, जहां बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों को मदद मिलती है। खासकर स्पिन गेंदबाजों के लिए यह सतह काफी अनुकूल रहती है, जबकि पहली पारी का औसत स्कोर करीब 160 रन के आसपास रहता है, जो एक प्रतिस्पर्धी स्कोर माना जाता है।

इस पिच पर बल्लेबाजों के लिए शुरुआत में रन बनाना आसान नहीं होता और शॉट खेलना चुनौतीपूर्ण रहता है। हालांकि, हाल के मुकाबलों में पिच ने बल्लेबाजों का भी साथ दिया है। सतह पर उछाल और गति मौजूद रहती है, जिससे यह बैट और बॉल के बीच संतुलन बनाए रखती है।

आंकड़ों पर एक नजर:

सर्वोच्च टीम स्कोर: 235/6 (केकेआर vs एलएसजी, 2024)

न्यूनतम टीम स्कोर: 108/10 (एलएसजी vs आरसीबी, 2023)

सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर: 118 (ऋषभ पंत vs आरसीबी, 2025)

सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन: 5/14 (मार्क वुड vs डीसी, 2023)

सर्वोच्च साझेदारी: 152 रन (ऋषभ पंत और मिशेल मार्श, दूसरे विकेट के लिए, 2025)

मैच ट्रेंड्स:

पहले बल्लेबाजी करते हुए जीत: 20% (2 जीत, 8 हार)

पहली पारी का औसत स्कोर: 154

जीत के लिए पहली पारी का औसत स्कोर: 172

इन आंकड़ों से साफ है कि इस मैदान पर टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना अक्सर फायदे का सौदा साबित हो सकता है।

LSG बनाम RR हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी?

आईपीएल इतिहास में LSG और RR के बीच अब तक कुल 6 मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान हेड टू हेड में RR का पलड़ा भारी रहा है, जिसने 4 मैच जीते हैं, जबकि लखनऊ को सिर्फ 2 जीत मिली हैं। दोनों टीमें आखिरी बार पिछले सीजन में भिड़ी थीं, उस मुकाबले में LSG को जीत मिली थी।

LSG और RR की संभावित प्लेइंग 11

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)

मिचेल मार्श, आयुष बडोनी, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), ऐडन मार्करम, निकोलस पूरन, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, आवेश खान, प्रिंस यादव, एम सिद्धार्थ, मोहनिस खान

राजस्थान रॉयल्स (RR)

यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई, नांद्रे बर्गर, यश पुंजा

कहां देखें लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार Star Sports नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे से टीवी पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H