Lhuan-dre Pretorius breaks Chris Gayle world record: दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने टी20 क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया। CSA T20 चैलेंज में टाइटन्स की ओर से खेलते हुए प्रीटोरियस ने नाइट्स के खिलाफ 79 गेंदों पर नाबाद 188 रन की तूफानी पारी खेली। इसके साथ ही उन्होंने टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था। गेल ने 2013 के आईपीएल में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 66 गेंदों पर नाबाद 175 रन बनाए थे। उनका यह रिकॉर्ड करीब 13 साल तक कायम रहा, जिसे अब 20 वर्षीय प्रीटोरियस ने पीछे छोड़ दिया है।

79 गेंदों में 188 रन, चौके-छक्कों की बरसात

प्रीटोरियस ने अपनी पारी में 15 चौके और 13 छक्के लगाए। उनकी बल्लेबाजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने महज 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इसके बाद अगली 16 गेंदों में शतक तक पहुंच गए। 150 रन का आंकड़ा उन्होंने 58 गेंदों में पार किया।

188 रन पर नाबाद लौटने के बावजूद प्रीटोरियस दोहरा शतक पूरा नहीं कर सके। पारी में अगर एक ओवर और मिलता तो उनके पास 200 रन का आंकड़ा छूने का मौका था।

टाइटन्स ने खड़ा किया 267 रन का स्कोर

प्रीटोरियस की पारी के दम पर टाइटन्स ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 267 रन बनाए। यह CSA T20 चैलेंज के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा टीम स्कोर है। प्रतियोगिता में सबसे बड़ा स्कोर भी टाइटन्स के नाम है। टीम ने 2022 में इसी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ 271/3 रन बनाए थे।

उस मुकाबले में डेवाल्ड ब्रेविस ने 162 रन की पारी खेली थी, जो उस समय CSA T20 चैलेंज में किसी बल्लेबाज का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर था। अब प्रीटोरियस ने 188 रन बनाकर यह रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

लगातार बड़ी पारियां खेल रहे प्रीटोरियस

20 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज का मौजूदा फॉर्म शानदार चल रहा है। सितंबर में नामीबिया, जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के बीच हुई ट्राई-सीरीज में उन्होंने लगातार दो बड़ी पारियां खेलीं। जिम्बाब्वे के खिलाफ 94 रन बनाने के बाद नामीबिया के खिलाफ 53 गेंदों में 101 रन की पारी खेली थी।

2026-27 CSA T20 चैलेंज सीजन में यह उनका पहला मुकाबला था और उन्होंने आते ही रिकॉर्ड तोड़ पारी खेल दी। प्रीटोरियस अब तक सिर्फ 22 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जबकि यह उनका 91वां टी20 मुकाबला था। इस फॉर्मेट में उनका स्ट्राइक रेट 150.44 का है।

फिंच-स्टोइनिस की बराबरी

प्रीटोरियस ने 188 रन की पारी के दौरान पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे लंबी व्यक्तिगत पारियों के मामले में एरॉन फिंच (79 गेंद) और मार्कस स्टोइनिस (79 गेंद) की बराबरी भी कर ली। हालांकि उनका सबसे बड़ा रिकॉर्ड क्रिस गेल को पीछे छोड़कर टी20 क्रिकेट की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलना रहा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H